राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल, अखिलेश संग दिखे शिवपाल-राजा भैया

लखनऊ। राज्यसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी के डिनर में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ उनके चाचा शिवपाल यादव और कुंडा से निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया भी दिखाई दिए। शिवपाल और राजा भैया के डिनर में शामिल होना, सपा के लिए अच्छी खबर है। अखिलेश और शिवपाल के अलावा परिवार से डिंपल यादव भी डिनर में मौजूद थीं। आपको बता दें कि शिवपाल काफी समय बाद अखिलेश के साथ नजर आए है। शिवपाल का यहां सभी नेताओं ने स्वागत किया और उन्होंने भी किसी को मायूस नहीं किया और सभी से हंसकर बात की।
वहीं, सपा के डिनर में राजा भैया के पहुंचने पर सभी की निगाहें उन पर टिक गई। राजा भैया के करीबी अक्षय और दूसरे निर्दलीय विधायक विनोद सरोज पहले से डिनर में पहुंच चुके थे। रात करीब सवा नौ बजे राजा भैया डिनर में पहुंचे। राज्यसभा चुनाव में सपा, बसपा को समर्थन दे रही है और राजा भैया सबसे ज्यादा बसपा सरकार में ही उत्पीडऩ का शिकार रहे हैं। बसपा सरकार में उन पर पोटा भी लगाया गया था। ऐसे में अंदेशा था कि इस वजह से वह संकोच कर सकते हैं। उन्हें यह समझाया गया कि वह अपना और विनोद सरोज अपना वोट जया बच्चन को डाल सकते हैं। अब माना जा रहा है कि चुनाव में विपक्ष का पलड़ा भारी रहेगा।
डिनर के दौरान राजा भैया ने कहा कि वह अखिलेश यादव के साथ थे, हैं, और आगे भी रहेंगे। इससे पहले दोपहर में हुई बैठक में सपा के सात विधायक नहीं पहुंचे। नितिन अग्रवाल को छोडक़र सभी विधायकों ने अपने न आने की वजह अखिलेश को सीधे बता दी थी। सांसद नरेश अग्रवाल के बेटे नितिन अग्रवाल तो सीधे भाजपा की बैठक में पहुंच गए। बाकी विधायकों में आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम खां रामपुर में थे। गाजीपुर से विधायक सुभाष पासी मुंबई में तो विधायक कल्पनाथ आजमगढ़ में और विधायक हरीओम यादव जेल में थे। शिवपाल इटावा में थे, लेकिन शाम को वह आ गए। शिवपाल ने कहा कि हमारे दोनों प्रत्याशी जीतेंगे, अखिलेश को हमेशा आशीर्वाद दिया है। डिनर के दौरान संगीत का भी इंतजाम किया गया था।

Related Articles

Back to top button