राज्यपाल को सौंपी लिस्ट में कांग्रेस ने विधायकों के किए फर्जी हस्ताक्षर: जावड़ेकर

बेंगलूरू: भारतीय जनता पार्टी ने आज आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सरकार बनाने का दावा करने के लिए राज्यपाल को सौंपी गई विधायकों की सूची में अपने कई विधायकों का जाली हस्ताक्षर किया था। केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने यहां पर संवाददाताओं से कहा कि किसी को भी यह बात समझ में नहीं आ रही है कि विधायकों के बेंगलूरू पहुंचने और कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले उसने सभी के हस्ताक्षर कैसे ले लिये।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए फर्जी हस्ताक्षर और अन्य दस्तावेज कोई नई बात नहीं है। मणिपुर में जब खंडित जनादेश आया था तब भी कांग्रेस ने मणिपुर पीपुल्स पार्टी के समर्थन का एक फर्जी पत्र सौंपा था। हालांकि उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने इसमें जालसाजी की थी। उन्होंने भरोसा जताया कि बी एस येदियुरप्पा की सरकार कल राज्य विधानसभा में बहुमत साबित करेगी। उन्होंने आज ट्वीट किया , ‘‘ भाजपा तैयार है और उसे कर्नाटक में विश्वासमत हासिल करने का भरोसा है। हम सदन के पटल पर अपना बहुमत साबित करेंगे।’’

उनका यह ट्वीट उच्चतम न्यायालय के उस फैसले के बाद आया है जिसमें उसने कहा है कि कल चार बजे कर्नाटक विधानसभा में शक्ति परीक्षण कराया जाये ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि राज्य में नवनियुक्त मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के पास बहुमत है या नहीं। कर्नाटक विधानसभा में 104 सीटें जीतकर भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है।

राज्यपाल वजुभाई वाला ने 117 विधायकों के समर्थन का हवाला देने वाले जद ( एस )- कांग्रेस गठजोड़ को सरकार बनाने का न्योता देने के बजाय भाजपा को न्योता दिया। कर्नाटक विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 112 है। 224 सीटों में से दो को छोड़कर सभी सीटों पर चुनाव सम्पन्न हो चुके हैं। येदियुरप्पा ने कल बेंगलुरु में बतौर मुख्यमंत्री शपथ ली थी। राज्यपाल वजुभाई वाला ने उन्हें सदन में बहुमत साबित करने के लिये 15 दिन का समय दिया था।

Related Articles

Back to top button