पीएम मोदी को ‘माओवादी धमकी’ पर आधिकारिक बयान दे केंद्र सरकार: कांग्रेस

मुंबई। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने आज कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को कथित माओवादी धमकी पर बयान जारी करना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने यहां कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को नक्सल धमकियों के बारे में भाजपा सिर्फ सरेआम बयानबाजी कर रही है , लेकिन आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है।’’  उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र सरकार और केंद्र सरकार को नक्सलियों से मिली धमकी के बाबत बयान देना चाहिए।’’ चव्हाण ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को धमकी चिंता का विषय है और सरकार को जवाब देना चाहिए। आधिकारिक स्तर पर कोई स्पष्टीकरण नहीं है। हम मामले का राजनीतिकरण नहीं करना चाहते। ’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि दलित आंदोलन का नक्सलियों से कोई लेना – देना है।

उन्होंने कहा, ‘‘दलित आंदोलन को बदनाम करने की कोशिशें की जा रही हैं।’’ चव्हाण ने महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम के कर्मचारियों की हड़ताल से ठीक तरीके से नहीं निपटने के लिए भी राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा, ‘‘हड़ताल ने आम लोगों को मुश्किल में डाल दिया है। सरकार इस मुद्दे को दोस्ताना तरीके से सुलझा सकती थी।’’

Related Articles

Back to top button