कुंभ मेला 2019 : दूसरा शाही स्नान आज, उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

प्रयागराज। आस्था, विश्वास, सौहार्द एवं संस्कृतियों के मिलन का पर्व है कुम्भ। ज्ञान, चेतना और उसका परस्पर मंथन कुम्भ मेले का वो आयाम है जो आदि काल से ही हिन्दू धर्मावलम्बियों की जागृत चेतना को बिना किसी आमन्त्रण के खींच कर ले आता है। प्रयागराज के कुंभ मेले में आज पौष पूर्णिमा के मौके पर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा है। कुंभ मेले का यह दूसरा स्नान पर्व है। पौष पूर्णिमा पर कुंभ मेले में संगम पर तकरीबन सत्तर से पचहत्तर लाख श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने की संभावना है। पौष पूर्णिमा पर अखाड़ों का शाही स्नान होगा और संत-महात्मा व श्रद्धालु सादगी से संगम पर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।

मोक्ष की कामना रखने वालों के लिए पौष पूर्णिमा का दिन बेहद खास होता है। इस तिथि को सूर्य और चंद्रमा का संगम भी कहा जाता है। पौष का महीना सूर्य देव का माह होता है और पूर्णिमा चंद्रमा की तिथि है। चंद्रमा के साथ-साथ पूर्णिमा का दिन भगवान विष्णु की आराधना को समर्पित होता है।

स्नान, पूजा और दान का शुभ मुहूर्त–
बताया जा रहा है कि इस बार पौष पूर्णिमा 20 जनवरी की दोपहर 14:20 से ही शुरू होगी। जो 21 जनवरी को 10:47 तक रहेगी। 20 जनवरी को दोपहर से पूर्णिमा लगेगी इस लिहाज से दान, स्नान और पूजा के लिए 21 जनवरी ही शुभ माना जाएगा। इस दिन सुबह सवेरे उठकर पवित्र नदियों में स्नान किया जा सकता है। इसके बाद पूजा कर दान दिया जाता है।

Related Articles

Back to top button