कांग्रेस और कम्युनिस्टों ने कभी भी त्रिपुरा के विकास पर ध्यान नहीं दिया-पीएम मोदी

Tripura: त्रिपुरा में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 9 वर्ष पहले कांग्रेस और सी.पी.एम. वाले जब दिल्ली में एक साथ सरकार चलाते थे तब आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए 25 हजार करोड़ रुपये का बजट था और आज यह बजट बढ़ कर 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है। यह भी हमारी ही सरकार है जिसने सामाजिक भत्ते को 500 रुपये से बढ़ा कर 2 हजार रुपये किया है। पहली बार हम अपनी बहनों के लिए विशेष बचत योजना लेकर आए हैं। महिला सम्मान बचत पत्र से महिलाएं 2 लाख रुपये तक की बचत कर सकती हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि त्रिपुरा को खुद को विनाश से बचाने की जरूरत; कांग्रेस और कम्युनिस्टों ने कभी भी त्रिपुरा के विकास पर ध्यान नहीं दिया। पिछले 5 वर्षों के दौरान ही लोगों के जीवन को बदलने के लिए कदम उठाए गए हैं। हमने तीन लाख गरीब परिवारों को पक्के घर दिए हैं। मैं आज आपसे एक वादा करता हूं कि जिस भी गरीब को अब तक पक्का घर नहीं मिला है… उन्हें भी भाजपा सरकार बनने के बाद घर देने का काम तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। आपको यह सुनिश्चित करना चाहिए कि त्रिपुरा में हर एक वोट बीजेपी को जाना चाहिए। आपका वोट बहुत मूल्यवान है, और सही विकल्प, ‘कमल’, त्रिपुरा को विकास और समृद्धि के पहले के स्तर तक ले जाएगा।

पीएम मोदी ने कहा कि आपने वामपंथियों को हटाया तो उसका नतीजा भी आपके सामने है… आज त्रिपुरा को मुफ्त राशन मिल रहा है, पूरा राशन मिल रहा है। इससे अगर सबसे ज्यादा फायदा किसी को हुआ है तो मेरी माताओं-बहनों को हुआ है। त्रिपुरा के गरीब, जनजातीय समुदाय, महिलाओं और युवाओं के सपने लेफ्ट और कांग्रेस शासन ने चूर-चूर कर दिए थे। उन्होंने लोगों को त्रिपुरा छोड़ कर जाने को मजबूर कर दिया था। बिजली-पानी पाना भी लोहे के चने चबाने जैसा था। आपका रिकॉर्ड संख्या में यहां आना भाजपा सरकार की वापसी का ऐलान कर रहा है। आपकी संख्या देख हमारे विरोधियों की तो नींद ही खराब हो जाएगी। आज पूरा त्रिपुरा कह रहा है- एक ही नारा, एक ही जयघोष… फिर एक बार-भाजपा सरकार।

News Source Link:

Related Articles

Back to top button