CAA का कहीं समर्थन और कहीं विरोध , भाजपा और कांग्रेस सड़क पर, मुंबई और भोपाल में निकाली रैली

नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और एनआरसी को लेकर भाजपा और कांग्रेस सड़कों पर एक-दूसरे के खिलाफ रैली निकाल रहे हैं। मुंबई में भाजपा ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रैली निकाली है। इसमें भारी संख्या में समर्थकों ने विशाल तिरंगा यात्रा निकालकर कानून का समर्थन किया है। इससे पहले नागपुर में भी नागरिकता कानून के समर्थन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी और लोक अधिकार मंच के कार्यकर्ताओं ने एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली थी। मुंबई के वडाला इलाके में नागरिकता कानून के समर्थन में लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उमड़े हैं। प्रदर्शन में भाजपा के विधायक कैप्टन तमिलसेल्वन भी शामिल हुए। भाजपा विधायक तमिलसेल्वन ने बताया कि हमलोग नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में सड़क पर उतरे हैं। सरकार ने लोगों की सुरक्षा के लिए यह कानून पारित किया है। हिंदुस्तान के हर धर्म के नागरिक के विकास के लिए यह कानून पास किया गया है, किसी को नुकसान देने के लिए इसे नहीं लाया गया है।

वहीं मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सीएए के विरोध में शांति यात्रा निकाली। भोपाल के रंगमहल चौराहे से बड़ी संख्या में कांग्रेस के समर्थकों कमलनाथ के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। यह पैदल मार्च रंगमहल चौराहे से शुरू होकर मिंटो हॉल में गांधी प्रतिमा के सामने समाप्त हुआ। यात्रा में हजारों की संख्या में कांग्रेस समर्थक गांधी टोपी पहने और हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे हैं।

Related Articles

Back to top button