फेक्साई तूफान से जापान में मची तबाही, लाखों घरों की बिजली गुल
टोक्यो। जापान की राजधानी टोक्यो के पास सोमवार तड़के तूफान फेक्साई (Typhoon Faxai) के पहुंचने के बाद दर्जनों लोग घायल हो गए और लगभग नौ लाख घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके अलावा सार्वजनिक परिवहन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स ने यह जानकारी दी। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, प्रशांत महासागरीय तूफान सोमवार तड़के लगभग पांच बजे टोक्यो के उत्तर-पूर्व स्थित शीबा पहुंचा।
एजेंसी ने कहा कि फेक्साई इस मौसम का 15वां तूफान है और इसमें 144 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं और उत्तर-पूर्व दिशा में 216 किलोमीटर प्रतिघंटा के प्रचंड वेग से आंधी चली और यह जापान के सबसे बड़े द्वीप होंसू के पूर्वी तट से होते हुए 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से प्रशांत महासागर की तरफ बढ़ रहा है।