लोगों की आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने के लिए कार्य करेगी नई सरकार: हेमंत

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद राज्य की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपकी आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने के लिए नई सरकार सदैव कार्य करेगी और जिन मुद्दों के कारण जनता परेशान रही है, उन सभी की समीक्षा की जायेगी। मुख्यमंत्री ने रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखण्ड के 11वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ लेने के बाद उन्होंने झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता के प्रति आभार जताया और कहा कि आपकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सरकार सदा काम करेगी। सोरेन ने कहा, ‘‘पिछली सरकार के जिन कार्यों और निर्णयों से जनता परेशान रही है, उनकी हम बहुत जल्द सीमक्षा करेंगे और उचित निर्णय लेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी को साथ चल कर झारखंड को नित नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार सभी वर्गों और समुदायों के नागरिकों के सर्वांगीण विकास के लिए काम करेगी। राज्य में अमन, चैन, शांति और समृद्धि का नया दौर शुरू होगा।’’

Related Articles

Back to top button