रूस-यूक्रेन जंग का 20 वां दिन, मिसाइल हमले में 20 नागरिकों की मौत, 35 घायल

यूक्रेन पर रूस के हमले का आज 20 वां दिन है। दोनों देशों के बीच भीषण जंग चल रही है। यूक्रेन के साथ शांति वार्ता चलने के बावजूद रूस लगातार यूक्रेन के शहरों में नागरिक इलाकों पर बमबारी कर रहा है। सोमवार को रूस समर्थित विद्रोहियों के कब्जे वाले डोनेट्स्क शहर में बैलेस्टिक मिसाइल हमले में 20 आम लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। रूस ने इस हमले का आरोप यूक्रेनी सेना पर लगाया है। हालांकि वह इसका कोई सबूत पेश नहीं कर सका।हालांकि यूक्रेन ने इस हमले से इनकार किया है और कहा है कि यह रूस की ही मिसाइल होगी, जो निशाना चूक गई है। अब रूस इसका आरोप यूक्रेन पर लगा रहा है।

इस बीच रूसी सेना अब बड़े शहरों पर फाइनल अटैक की तैयारी कर रही है और यूक्रेन का दावा है कि उसने रूसी फौज पर हमला करके 100 सैनिकों को मार गिराया है। हालांकि यूक्रेन के राष्ट्रपति जलेंस्की लगातार अमेरिका और दूसरे सहयोगी देशों से मदद मांग रहे हैं।

वहीं राजधानी कीव के बाहरी इलाकों में भी लड़ाई जारी है। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि रूसी सेना ने राजधानी के कई उपनगरों पर गोलाबारी की, जो उनके आक्रमण के लिए एक प्रमुख राजनीतिक और रणनीतिक लक्ष्य है। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि कीव में रूसी सेना द्वारा एक हवाई जहाज के कारखाने पर किए गए हमले के बाद आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई तथा सात अन्य घायल हो गए।

एंटोनोव कारखाना यूक्रेन का सबसे बड़ा विमान निर्माण संयंत्र है और दुनिया के कई सबसे बड़े मालवाहक विमानों के उत्पादन के लिए जाना जाता है। अधिकारियों ने कहा कि रूसी तोपखाने से की गई गोलाबारी ने शहर के उत्तरी ओबोलोंस्की जिले में नौ मंजिला अपार्टमेंट की इमारत को भी निशाना बनाया जिसमें दो और लोग मारे गए। दमकलकर्मी जीवित बचे लोगों को बचाने के लिए जूझते दिखे। घटनास्थल से एक घायल महिला को एक स्ट्रेचर पर ले जाया गया। अधिकारियों ने कहा कि कीव के पूर्व में ब्रोवरी के एक नगर पार्षद की वहां लड़ाई में मौत हो गई।

Related Articles

Back to top button