भाजपा ने आम आदमी पार्टी को तोड़ने के लिए जारी रखा है ‘आपरेशन लोटस’-सिसोदिया

नयी दिल्ली। दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अमानतुल्ला खान की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं को तोड़ने के लिए ‘आपरेशन लोटस’ को जारी रखे हुए है। अधिकारियों के मुताबिकओखला से ‘आप’ के विधायक खान को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को उन्हें दिल्ली वक्फ बोर्ड में हुई भर्तियों में कथित अनियमितता के आरोप में गिरफ्तार किया।

सिसोदिया ने ट्वीट किया, ‘‘पहले इन्होंने सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया, पर कोर्ट में उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं है। इन्होंने मेरे घर पर रेड डाली। कुछ नहीं मिला। फिर कैलाश गहलोत के खिलाफ एक फर्जी जांच शुरू की, और अब अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार किया है। आप के हरेक नेता को तोड़ने के लिए ऑपरेशन लोटस जारी है।’’

इससे पहले ‘आप’ नेताओं ने आरोप लगाया था कि भाजपा दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार को पदच्युत करने के लिए उसके विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है और उन्हें 20-20 करोड़ रुपये की पेशकश कर रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने यहां तक पिछले महीने विधानसभा में विश्वासमत भी पेश किया था ताकि साबित कर सके कि ‘आप’ के विधायक उनके साथ हैं। उन्होंने जोर देकर कहा था कि ‘‘ऑपरेशन लोटस’’ दिल्ली में असफल है।

Related Articles

Back to top button