ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का निधन, 96 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। एलिजाबेथ द्वितीय ब्रिटेन पर सबसे लंबे समय तक राज करने वाली शाही हस्ती हैं। उन्होंने 70 साल तक ब्रिटेन पर शासन किया। बकिंघम पैलेस ने एक बयान जारी कर कहा,’आज दोपहर बाल्मोरल में महारानी का निधन हो गया। किंग और क्वीन कंसोर्ट आज शाम बाल्मोरल में रहेंगे। वे कल लंदन लौटेंगे।’ महारानी की मौत के बाद उनके सबसे बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स अब ब्रिटेन के किंग बन गए हैं।

स्कॉटलैंड पहुंचने लगे परिवार के लोग

एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद उनके सबसे बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स ब्रिटेन के नए महाराज और राष्ट्रमंडल देशों के नए राष्ट्राध्यक्ष के रूप में महारानी के अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि कार्यक्रम की अगुवाई करेंगे। बकिंघम पैलेस ने गुरुवार को बताया कि उनके बेटे और उत्तराधिकारी प्रिंस चार्ल्स, उनकी पत्नी कैमिला और पोते प्रिंस विलियम बाल्मोरल पहुंच गए थे। महारानी की बेटी, राजकुमारी ऐनी, पहले से ही स्कॉटिश महल में उनके साथ हैं। महारानी के अन्य बेटे प्रिंस एंड्रयू और प्रिंस एडवर्ड भी कुछ समय पहले महारानी के पास पहुंच चुके थे। प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन जो एक चैरिटी कार्यक्रम के लिए ब्रिटेन में थे, वे भी महारानी से मिलने के लिए रवाना हो गए थे।

शाही परिवार के रुतबे और असर को रखा बरकरार

क्वीन एलिजाबेथ 2 जून 1953 को ब्रिटेन की महारानी के पद पर आसीन हुईं थीं। जब एलिजाबेथ क्वीन बनीं तब दुनिया ही नहीं ब्रिटेन में भी राजशाही पर सवाल उठ रहे थे। लेकिन महारानी एलिजाबेथ ने तमाम विरोध के बावजूद शाही परिवार के रुतबे और असर को बरकरार रखा। दरअसल, ​​​​​क्वीन एलिजाबेथ के करीब सत्तर साल के कार्यकाल के दौरान ब्रिटेन ही नहीं बल्कि समूची दुनिया में भारी बदलाव हुए। इस दौरान ब्रिटेन ने सिर्फ आर्थिक चुनौतियों का ही नहीं बल्कि राजनीतिक संकटों का भी सामना किया। उतार-चढ़ाव के दौर में ब्रिटेन की महारानी अपने देश की जनता के लिए भरोसे का प्रतीक बनीं रहीं।

Related Articles

Back to top button