पंजाब के मानसा पहुंचे राहुल गांधी, कांग्रेस नेता और गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार से की मुलाकात

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को पंजाब के मानसा जिले में दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के घर गए और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। एक पार्टी नेता ने बताया कि मंगलवार सुबह चंडीगढ़ हवाईअड्डे पर उतरने के बाद राहुल सीधे मूसेवाला के पैतृक गांव मूसा पहुंचे और उनके परिवार के साथ लगभग 50 मिनट का समय गुजारा। उन्होंने मूसेवाला को पुष्पांजलि भी अर्पित की। पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और पूर्व उप मुख्यमंत्री ओपी सोनी सहित कई अन्य कांग्रेस नेता भी राहुल के साथ मूसेवाला के गांव गए। राहुल के दौरे के मद्देनजर मूसेवाला के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।

29 मई की शाम पंजाब के मानसा जिले में अज्ञात हमलावरों ने मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दौरान राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए हत्या पर दुख जताते हुए कहा था- ”होनहार कांग्रेस नेता और प्रतिभाशाली कलाकार सिद्धू मूसेवाला की हत्या से स्तब्ध और दुखी हूं। दुनियाभर से उनके चाहने वालों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”  मूसेवाला उन 424 लोगों में शामिल थे, जिनकी सुरक्षा पंजाब पुलिस ने अस्थायी रूप से हटा दी थी या कम कर दी थी। सिद्धू मूसेवाला पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के करीबी रहे। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले मूसेवाला कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने मानसा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव भी लड़ा, हालांकि आप नेता डॉ. विजय सिंगला ने उन्हें हरा दिया था। इसके बाद आप की सरकार ने उनकी सिक्योरिटी घटा दी थी। राज्य सरकार द्वारा मूसेवाला की सुरक्षा में कटौती किए जाने के बाद यह घटना हुई। इस हमले में मूसेवाला के एक चचेरे भाई और एक मित्र भी घायल हो गए, जो मूसेवाला के साथ जीप में यात्रा कर रहे थे। पंजाब पुलिस के मुताबिक, मूसेवाला की हत्या के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ था। गिरोह के सदस्य और कनाडा में रह रहे गोल्डी बराड़ ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है।

Related Articles

Back to top button