दम है तो बिहार में अकेले चुनाव लड़े भाजपाःतेजस्वी

बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को भाजपा पर तीखे प्रहार कर सियासी सरगर्मी बढ़ा दी। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को भारत में सिर्फ एक पार्टी बचेगी के बयान को आड़े हाथों लिया और चुनौती दी कि बिहार में भाजपा अकेले चुनाव लड़कर दिखाए। इसपर बीजेपी नेता और डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा है कि मुद्दाविहीन हताशा में अनाप-शनाप बोल रहा है। बीजेपी लीडर और मंत्री जीवेश मिश्रा ने तेजस्वी पर पलटवार किया कि पहले राजद अकेले दम पर 40 सीटों पर भी लड़कर दिखाए। इस बीच जदयू ने दोनों के इस वार-पलटवार से किनारा कर लिया।

बीजेपी को लोकतंत्र में विश्वास नहीं

तेजस्वी यादव ने भाजपा को बिहार में अकेले चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की औकात नहीं है कि वह बिहार में अकेले चुनाव लड़े, बिहार में उसका सारा दंभ टूट जाएगा। जनता उसे उसकी हैसियत बता देगी। नेता विपक्ष ने आगे कहा कि दरअसल, संघ और भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। भाजपा के नेताओं द्वारा विपक्ष को समाप्त करने का बयान उसके इसी मंसूबे को दर्शाता है। लेकिन, लोकतंत्र की जननी बिहार भाजपा के मंसूबों को सफल होने नहीं देगी। बिहार की जनता सबक सिखाना जानती है।

तेजस्वी यादव ने भाजपा को लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया। कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का यह कहना कि देश में सिर्फ भाजपा ही एकमात्र राजनीतिक दल होगी, यह बेहद खतरनाक है। भाजपा के लोग लोकतंत्र की जननी बिहार की धरती पर लोकतंत्र को खत्म करने की बात करते हैं। बिहार की जनता यह स्वीकार नहीं करेगी। लोकतंत्र सिर्फ सत्ता पक्ष से नहीं चलता, बल्कि लोकतंत्र में विपक्ष की अहम भूमिका होती है। उन्होंने केन्द्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
लगाया। कहा कि देश का करोड़ों लेकर फरार होने वालों को तो वे ढूंढ़ नहीं पाते, लेकिन विपक्ष की
आवाज को दबाने के लिए उसका दुरुपयोग किया जाता है। उनका इस्तेमाल भाजपा के एक प्रकोष्ठ के
रूप में किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button