गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवानी को असम पुलिस ने किया गिरफ्तार

अक्सर सुर्खियों में रहने वाले गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवानी को एक ट्वीट के सिलसिले में असम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। देर रात राज्य के पालनपुर शहर से उन्हें गिरफ्तार किया गया है। आज उन्हें हवाई मार्ग से असम भी ले जाया गया। मेवानी के सहयोगी सुरेश जाट ने बताया कि गुजरात के प्रमुख दलित नेता मेवानी को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा-153ए के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के तुरंत बाद गिरफ्तार किया गया, जो समुदायों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने से संबंधित अपराधों से जुड़ी हुई है। यह प्राथमिकी असम के कोकराझार थाने में दर्ज कराई गई थी।जिग्नेश मेवानी की गिरफ्तारी पर स्वरा भास्कर ने कहा है कि जिग्नेश को अभी असम पुलिस ने पालमपुर सर्किट हाउस से गिरफ्तार किया है। उनके फोन रोक दिए गए हैं। एफआईआर कॉपी किसी के पास नहीं है.. क्या चल रहा है? जिग्नेश मेवाणी को क्यों गिरफ्तार किया गया है? असम पुलिस के अधिकारियों द्वारा साझा किए गए एक दस्तावेज के अनुसार, मेवानी के कुछ दिन पुराने एक ट्वीट के आधार पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि, इस ट्वीट को ट्विटर ने हटा दिया है। उन्होंने बताया कि यह ट्वीट नाथूराम गोडसे के बारे में था। जाट के मुताबिक, मेवानी को पहले सड़क मार्ग से पालनपुर से अहमदाबाद लाया गया और फिर बृहस्पतिवार सुबह हवाई मार्ग से असम ले जाया गया। मेवानी बनासकांठा की वडगाम सीट से निर्दलीय विधायक चुने गए थे। वह हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। मेवानी के कार्यालय ने एक बयान जारी कर बताया कि असम पुलिस ने उन्हें पालनपुर सर्किट हाउस से बुधवार रात साढ़े 11 बजे गिरफ्तार किया। गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर और अन्य कांग्रेसी नेता उनकी गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद अहमदाबाद हवाई अड्डे पहुंचे और भारतीय जनता पार्टी की सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

Related Articles

Back to top button