कानपुर में जुमे की नमाज के बाद 2 गुटों में भिड़ंत

कानपुर के बेकनगंज इलाके में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बवाल हो गया। दो पक्षों के बीच भिड़ंत के बाद दंगे जैसे हालात पैदा हो गए हैं। बाजार बंद कराने के ऐलान में दो पक्षों में पथराव हुआ। बवाल नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने पत्थर फेंके। बता दें कि ये मिश्रित आबादी वाला इलाका है इसलिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। शुरुआती पथराव के बाद कानपुर के यतीमखाना चौराहा इलाके की गलियों में दंगाइयों की पहचान करने गई पुलिस पर पथराव होने लगा। पुलिस पर छतों से पथराव हुआ। पुलिस ने भीड़ पर पहले लाठीचार्ज किया, फिर पुलिस भी जवाब में पत्‍थर फेंकने लगी। मौके पर वरिष्‍ठ अधिकारी तैनात हैं।

आपको बता दें कि इस मामले की शुरुआत मुस्लिम नेता हयात जफर हाश्मी के बाजार बंद आह्वान से हुआ था। दरअसल, बीजेपी प्रवक्ता नूपुर शर्मा के टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मुहम्मद साहब पर टिप्पणी किए जाने से मुस्लिम समाज नाराज था। शुक्रवार को बाजार बंद भी कराए गए। परेड चौराहा पर सैकड़ों लोग इकट्‌ठा हुए थे। दोपहर करीब 3 बजे दो पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए जिसके बाद पथराव शुरू हुआ। इसमें कई लोग घायल हो गए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, इस बवाल के बाद कानपुर के दूसरे बाजारों में भी दुकानें बंद करवा दी गई है। बाजारों में सन्नाटा छा गया। एहतियातन शहर के दूसरे बाजारों में भी पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि हिंसा को एक इलाके तक ही सीमित रखा जा सके।

Related Articles

Back to top button