उपचुनाव: एमपी, यूपी, ओडिशा और गुजरात के लिए तारीखों का एलान, तीन नवंबर को डाले जाएंगे वोट

बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद अब देश के अन्य राज्यों में विधानसभा के उप चुनावों की घोषणा कर दी गई है। आज चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और गुजरात सहित अन्य राज्यों की 56 विधानसभा सीटों के लिए उप चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। इसमें मध्यप्रदेश-उत्तर प्रदेश की सीटों के लिए उपचुनाव तीन नंवबर को होंगे। वहीं बिहार की वाल्मीकि नगर लोकसभा के लिए चुनाव की तारीखें भी घोषित की गई हैं। बिहार की एक लोकसभा सीट और मणिपुर की दो विधानसभा सीटों पर सात नवंबर को उप-चुनाव होंगे।

छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, नगालैंड, ओडिशा, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश की 54 विधानसभा सीटों पर तीन नंवबर को उपचुनाव होंगे जबकि 10 नवंबर को मतों की गिनती की जाएगी। बता दें कि सबसे ज्यादा मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर चुनाव होना है। यहां सामूहिक दल बदल से कई विधायक अयोग्य हुए थे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की 7 और गुजरात की 8 सीटों पर चुनाव होने हैं। गुजरात की जिन 8 सीटों पर मतदान होगा उनमें बोटाद, गढडा, कपराडा, करजन, डांग, अबडासा, लिमडी, और मोरबी शामिल हैं।हालांकि, चुनाव आयोग ने फैसला किया है कि असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की 7 सीटों पर उपचुनाव नहीं होगा। जिन सीटों पर चुनाव नहीं होंगे उनमें असम की रंगपारा, सिबसागर, केरल की कुट्टनाद और चवारा, तमिलनाडु की तिरुवोटियूर, गुडियाट्टम (एससी) और बंगाल की फलकट (एससी) सीटें हैं।

Related Articles

Back to top button