इराक से 38 भारतीयों के शव लेकर आज स्वदेश आएंगे वीके सिंह

नई दिल्ली। इराक के मोसुल में बंधक बना कर मार डाले गए 38 भारतीय मजदूरों के शव बगदाद में भारतीय अधिकारियों को सौंप दिए गए हैं। भारतीय राजदूत प्रदीप सिंह राजपुरोहित ने कहा कि शवों को बगदाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ले जाया गया है और इन्हें सेना के एक विमान से भेजा जाएगा। विमान संभवत: आज (सोमवार को) भारत पहुंच जाएगा। आपको बता दें कि विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह रविवार को विशेष विमान के जरिए मोसुल गए थे। जिसके बाद आज वो भारत लौट रहे हैं। बिहार के एक युवक राजु कुमार यादव के डीएनए के केवल 70 प्रतिशत मिलान होने के कारण उसका मामला जांच के अधीन है इसलिए उसके शव को लाने में देर होगी। वीके सिंह ने बताया कि 38 भारतीयों के शव उन्हें सौंप दिए गए हैं। शव सौंपने के लिए इराकी सरकार का शुक्रिया अदा करता हूं। 38 लोगों के शव हमें मिल गए हैं, जबकि 39वें शव का डीएनए मैच किया जाना अभी बाकी है। ऐसा लगता है कि इनमें से ज्यादातर लोग आईएसआईएस आतंकियों की गोलियों का शिकार बने हैं। ताबूतों को विमान में चढ़ाए जाने पर भारत के विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने उन्हें सलामी दी। सिंह ने आतंकवादियों की आलोचना की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपनी सरकार के रुख को जाहिर किया। आईएस को बेहद क्रूर संगठन बताते हुए उन्होंने कहा कि हमारे देश के नागरिक आईएस की गोलियों के शिकार हुए हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, हम लोग हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ हैं। विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह रविवार को इराक में मारे गए 38 भारतीयों के शव वापस लाने के लिए रवाना हुए थे। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि सिंह सोमवार दोपहर लगभग डेढ से दो बजे के बीच अमृतसर पहुंचेंगे जहां वह पंजाब के 27 और हिमाचल प्रदेश के चार युवकों के पार्थिव अवशेष उनके परिजनों को सौंपेंगे। इसके बाद वह सात अन्य शवों को एक अन्य विमान में लेकर पटना जाएंगे जहां बिहार के पांच युवकों के शव उनके परिजनों के हवाले करेंगे और रात में कोलकाता पहुंच कर पश्चिम बंगाल के दो लोगों के शव उनके परिवार को सौंपेंगे।

Related Articles

Back to top button

Deprecated: Directive 'allow_url_include' is deprecated in Unknown on line 0