अमरिंदर-सिद्धू के बीच का विवाद होगा खत्म, सरकार और पार्टी के बीच बेहतर समन्वय के लिए 10 सदस्यीय समिति का गठन

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने पार्टी और प्रदेश सरकार के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए 10 सदस्यीय समिति का गठन किया है। माना जा रहा है कि इस समिति के माध्यम से पार्टी और सरकार के बीच के साझा कार्यक्रम पूरे हो सकेंगे और दोनों नेताओं के बीच में जमी हुई बर्फ भी पिघलेगी। अंग्रेजी समाचार वेबसाइट ‘इंडियन एक्सप्रेस’ के मुताबिक 10 सदस्यीस समिति का नेतृत्व मुख्यमंत्री करेंगे और इसमें स्थानीय सरकार के मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा, वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल और सामाजिक सुरक्षा मंत्री अरुणा चौधरी शामिल होंगे। इनके अलावा पार्टी की तरफ से नवजोत सिंह सिद्धू और चार कार्यकारी अध्यक्ष कुलजीत सिंह नागरा, सुखविंदर सिंह डैनी, संगत सिंह गिलजियान और पवन गोयल के साथ-साथ पार्टी महासचिव परगट सिंह भी सदस्य होंगे। बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को कुलजीत सिंह नागरा और परगट सिंह के साथ मिलकर कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात की थी। इसी मुलाकात में 10 सदस्यीय रणनीतिक समिति के गठन के विषय पर चर्चा हुई। यह समूह साप्ताहिक बैठकें करेगा। इसमें प्रदेश सरकार के कार्यों की चर्चा और समीक्षा होगी। इसके अलावा जरूरी सुझाव भी दिए जाएंगे। इस समिति के माध्यम से विवादों को भी समाप्त किया जाएगा और आगामी चुनाव से पहले पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम होगा।

Related Articles

Back to top button